अप्पर दरोगण के साथ अन्याय हुआ तो सड़क से दिल्ली तक लड़ाई होगी” : राजेंद्र राणा

प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने राष्ट्रीय राजमार्ग-03 निर्माण में जुटी कंपनी और प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता को कमजोर समझने की भूल न की जाए। अप्पर दरोगण के लोगों के साथ हो रही प्रताड़ना अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शनिवार को गांव पहुंचकर गुस्साए ग्रामीणों के बीच राणा ने कहा कि पांच साल से चल रहा यह निर्माण कार्य विकास नहीं, बल्कि जनता के धैर्य की परीक्षा बन चुका है। रास्ते बंद, लिंक रोड तबाह, खेतों में मिट्टी डालकर लोगों की रोजी-रोटी पर हमला — यह किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने साफ कहा कि सुजानपुर का हर परिवार उनका अपना परिवार है और परिवार पर वार करने वालों को जवाब मिलेगा।
राणा ने निर्माण कंपनी को खुली चेतावनी दी कि तुरंत बंद रास्ते खोले जाएं, खेतों से मिट्टी हटाई जाए और ग्रामीणों की हर जायज़ मांग को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए। “कंपनी मुनाफा कमाने आई है, जनता को कुचलने नहीं,” उन्होंने दो टूक कहा।
उन्होंने ऐलान किया कि यदि कंपनी और संबंधित एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई नहीं की, तो यह लड़ाई सड़क से लेकर विधानसभा और दिल्ली तक लड़ी जाएगी। उन्होंने मौके पर ही सुपरवाइजर को फोन कर सख्त लहजे में जवाब मांगा, जिसके बाद जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।
पुलिस चौकी टोनी देवी को भी चेताते हुए राणा ने कहा कि जनता को डराने-धमकाने की शिकायतें बेहद गंभीर हैं। पुलिस का काम जनता की रक्षा करना है, दबाव बनाना नहीं। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार दोहराया गया तो मामला उच्च स्तर तक उठाया जाएगा।
अंत में राणा ने कहा:
“सुजानपुर की जनता अकेली नहीं है। जब तक आखिरी व्यक्ति को न्याय नहीं मिलेगा, मैं पीछे हटने वाला नहीं हूँ।”

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!