जिला के डीएफओ अंकित कुमार के सख्त दिशा-निर्देशों के तहत वन विभाग द्वारा वन्य संपदा की सुरक्षा को लेकर गश्ती अभियान में तेजी लाई गई है। इसी क्रम में देर रात चौकी क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से खैर के 15 मोछे (अवैध कटान) बरामद किए हैं।
वन विभाग की टीम ने मौके पर ही पिकअप वाहन को अपने कब्जे में लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही बरामद खैर के मोछों को भी जब्त कर लिया गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने सदर थाना में तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
एफआईआर में जिन लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं, उनमें
पंकज पुत्र तुलसीराम निवासी री, सुजानपुर,
सुनील कुमार पुत्र पृथी राम निवासी मुठाण,
और हरि प्रसाद पुत्र राम प्रसाद निवासी गांव मंगला, जिला चंबा शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात वन विभाग की टीम चौकी क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर उसमें खैर के 15 मोछे बरामद हुए। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि जिस स्थान से खैर की कटाई की गई थी, वहां बालन (लकड़ी के अवशेष) भी पाए गए हैं, जिससे अवैध कटान की पुष्टि होती है।
रूटीन में हो रही है हर बीट में गश्त : डीएफओ अंकित कुमार
मामले की पुष्टि करते हुए डीएफओ अंकित कुमार ने बताया कि पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और पूरे प्रकरण की शिकायत पुलिस को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि जिले की हर बीट में नियमित रूप से गश्त की जा रही है और अवैध कटान या वन अपराधों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।