बड़सर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की एकजुट ताकत उस समय देखने को मिली, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद श्री अनुराग ठाकुर के आगमन पर क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह का माहौल रहा। लोकप्रिय विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनुराग ठाकुर का भव्य और ऐतिहासिक स्वागत कर संगठन की मजबूती का संदेश दिया।
फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जोशीले नारों के बीच बड़सर क्षेत्र “भारत माता की जय”, “भाजपा जिंदाबाद” और “अनुराग ठाकुर जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम स्थल पर जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि क्षेत्र में भाजपा को जबरदस्त जनसमर्थन प्राप्त है।
इस अवसर पर विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अनुराग ठाकुर का बड़सर आगमन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में रहते हुए अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के लिए अनेक ऐतिहासिक विकास कार्य किए, जिनका लाभ आज आम जनता को मिल रहा है।
विधायक लखनपाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है, जबकि भाजपा राष्ट्रवाद, विकास और जनकल्याण के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासित, समर्पित और संघर्षशील कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में भाजपा को जनता का पूर्ण समर्थन मिलेगा।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, पूर्व जनप्रतिनिधि, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
