हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव भगेटू निवासी, 100 प्रतिशत दिव्यांग एवं प्रखर समाजसेवी राजन कुमार को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों, दिव्यांग अधिकारों की सशक्त आवाज़ बनने तथा दिव्यांग सशक्तिकरण के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए “शान-ए-हमीरपुर” अवार्ड से सम्मानित किया गया।
यह गरिमामय एवं भव्य समारोह हिमाचल एकता मंच राष्ट्रीय फाउंडेशन के तत्वावधान में, संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दीपलाल भारद्वाज के नेतृत्व में कैरियर पॉइंट यूनिवर्सिटी, भोरंज (हमीरपुर) में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सामाजिक कार्यकर्ता, सांस्कृतिक कलाकार एवं अनेक गणमान्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री दिनेश भाटिया (भाजपा प्रदेश सचिव मोर्चा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष – भारत मजदूर किसान संगठन) ने अपने कर-कमलों द्वारा राजन कुमार को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राजन कुमार जैसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो दिव्यांगता को कभी बाधा नहीं बनने देते और सेवा को ही अपने जीवन का उद्देश्य बनाते हैं।
सम्मान ग्रहण करते हुए राजन कुमार ने कहा कि यह अवार्ड मेरा व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि पूरे दिव्यांग समाज का सम्मान है, जो निरंतर अपने अधिकारों, आत्मसम्मान और समाजहित के लिए संघर्ष एवं सेवा कर रहा है। यह सम्मान मुझे और अधिक ऊर्जा व जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने इस अवसर पर हिमाचल एकता मंच राष्ट्रीय फाउंडेशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दीपलाल भारद्वाज सहित समस्त आयोजक मंडल का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, कलाकारों एवं समाजसेवियों ने राजन कुमार के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी दिव्यांग समाज के उत्थान हेतु निरंतर सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे। वक्ताओं ने कहा कि राजन कुमार आज के समाज के लिए प्रेरक उदाहरण और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सशक्त मिसाल हैं।
