हमीरपुर: दिव्यांगजनों की समस्याओं को लेकर उपायुक्त से मिले राजन कुमार

हमीरपुर जिला समीक्षा समिति के सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के डायरेक्टर राजन कुमार ने आज जिला उपायुक्त गंधर्वा राठौर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने जिले के दिव्यांगजनों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को उपायुक्त महोदय के समक्ष विस्तार से रखा।

राजन कुमार ने विशेष रूप से सहारा योजना तथा हिमवास कार्ड से संबंधित आ रही दिक्कतों की जानकारी दी और इन विषयों पर एक ज्ञापन भी सौंपा। इसके अतिरिक्त उन्होंने दिव्यांगजनों की मूलभूत सुविधाओं, उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा सुगम भारत अभियान के अंतर्गत जिला हमीरपुर में मौजूद कमियों की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

बैठक के दौरान हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम द्वारा जिला हमीरपुर में व्हीलचेयर क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई, जिसे दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल बताया गया।

जिला उपायुक्त श्री गंधर्वा राठौर ने कहा कि उठाए गए सभी विषय सीधे तौर पर दिव्यांगजनों के कल्याण से जुड़े हुए हैं और जिला प्रशासन इन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

राजन कुमार ने दिव्यांगजनों को हो रही परेशानियों के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई तथा सकारात्मक सहयोग के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!