भोरंज के धमरोला में सड़क मार्ग का शिलान्यास कल , लोगों ने जताई उम्मीदें

भोरंज विधानसभा क्षेत्र के उपमंडल भोरंज अंतर्गत खरवाड़ पंचायत के धमरोला गांव में आज भोरंज के विधायक सुरेश कुमार द्वारा सड़क मार्ग का शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है। इस मौके पर क्षेत्र के लोगों की निगाहें सिर्फ़ शिलान्यास पर नहीं, बल्कि वर्षों से अधूरी पड़ी मांगों के पूरा होने पर टिकी हुई हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में विधायक तो कई आए, लेकिन चुनाव के समय किए गए वादे हर बार फाइलों और घोषणाओं तक ही सीमित रह गए। लोगों के अनुसार, जिस सड़क के कुछ मीटर हिस्से को खोलने का वादा चुनाव के दौरान किया गया था, उसी को लेकर अब शिलान्यास किया जा रहा है। ग्रामीणों का सवाल है कि क्या इस बार काम वाकई ज़मीन पर उतरेगा या फिर यह भी एक औपचारिकता बनकर रह जाएगा।
पूर्व वार्ड नंबर पांच के प्रतिनिधि ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे विधायक सुरेश कुमार का धन्यवाद करते हैं, लेकिन साथ ही यह अपेक्षा भी रखते हैं कि चुनाव के समय किया गया वादा अब पूरी ईमानदारी से पूरा किया जाए, न कि केवल शिलापट्ट तक सीमित रखा जाए।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क मार्ग पट्ट से खरवाड़ होते हुए धमरोला, जख्योल सहित कई गांवों को जोड़ता है और आगे चलकर मनोह व जाहू की ओर निकलता है। सड़क के अभाव में लोगों को रोज़मर्रा के कामों, शिक्षा, स्वास्थ्य और आपात स्थितियों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने एक और अहम मांग उठाई है। उनका कहना है कि इस सड़क मार्ग पर सुबह और दोपहर के समय एक-एक बस सेवा शुरू की जाए, ताकि विद्यार्थियों, कर्मचारियों, बुज़ुर्गों और महिलाओं को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने कहा कि यदि विधायक उनकी इस वर्षों पुरानी मांग को भी पूरा करते हैं, तो क्षेत्र की जनता उनका दिल से आभार जताएगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!