शिवा क्लब सनेड ने महादेव शिव शंकर के नाम पर सनेड में एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में करीब 10 टीमों ने भाग लिया। इस दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के संचालन में श्री महाकालेश्वर भूमि देवता, कैलू कुटवाल शिव मंदिर डंगार, डीसी धीमान कम्यूनिकेशन हमीरपुर और जनसेवक सुशील ठाकुर का विशेष सहयोग रहा।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जनसेवक सुशील ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजकों अभिषेक धीमान, शिवम धीमान को इस आयोजन के लिए बधाई दी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शिवा क्लब सनेड तथा बिझड़ी की टीम के बीच देखने को मिला। रोमांचक मुकाबले में शिवा क्लब सनेड विजेता रहा। विजेता को आयोजकों की तरफ से 5100 रुपए की इनामी राशि सहित ट्राफी व मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता रही बिझड़ी की टीम को 4100 रुपए नगद तथा ट्राफी व मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर जनसेवक सुशील ठाकुर ने कहा कि खेलों से व्यक्तित्व में निखार आता है। खेलें बेहतर सेहत का माध्यम है तथा युवाओं को खेलों में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए।
