आज पहचान स्पेशल स्कूल के विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से अमृतसर का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के लिए ले जाया जा रहा है। इस भ्रमण में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सहयोगी स्टाफ की देखरेख में बच्चों को ऐतिहासिक, धार्मिक और शैक्षणिक महत्व के स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
भ्रमण के दौरान बच्चों को श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर), जलियांवाला बाग, हेरिटेज स्ट्रीट तथा अन्य प्रमुख स्थलों का अवलोकन कराया जाएगा, ताकि वे देश के इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय विरासत से जुड़ सकें। विशेष बच्चों के इस अमृतसर टूर की बस को जिला उपायुक्त महोदया गंधर्वा राठौर द्वारा हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया गया और बच्चों को शुभकामनाएँ दी और कहा कि पहचान विशेष स्कूल विशेष बच्चों को हर प्रकार की गतिविधि में शामिल करता है यह बहुत ही सराहनीय है ।
पहचान विशेष स्कूल की अध्यक्षा चेतना शर्मा ने जिला उपायुक्त महोदया का आभार व्यक्त किया और कहा कि पहचान स्कूल हर साल विशेष बच्चों के लिए शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करता है इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विशेष बच्चों के आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता और व्यवहारिक ज्ञान को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों को नए वातावरण में सीखने, मित्रता बढ़ाने और जीवन कौशल विकसित करने का अवसर मिलता है।
विद्यालय की ओर से यह भी बताया गया कि पूरे भ्रमण के दौरान बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
विद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के भ्रमण विशेष बच्चों के समग्र विकास और समाज में उनकी सहभागिता को मजबूत बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
