ऊना जिले के अम्ब उपमण्डल के होनहार पैरा एथलीट सुनील कुमार ने दुबई में आयोजित 17वीं फज़ा अंतर्राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।
सुनील कुमार ने जैवलिन थ्रो स्पर्धा में 32.47 मीटर भाला फेंककर रजत पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही शॉटपुट प्रतियोगिता में 8.04 मीटर गोला फेंककर दूसरा रजत पदक भी हासिल किया। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उनका यह प्रदर्शन हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बधाई संदेश जारी करते हुए कहा कि सुनील कुमार की यह उपलब्धि हिमाचल की खेल प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना अत्यंत सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सुनील भविष्य में भी देश के लिए पदक जीतते रहेंगे और राज्य सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी सुनील कुमार को बधाई देते हुए कहा कि दो रजत पदक जीतकर उन्होंने इतिहास रचा है। यह उपलब्धि न केवल ऊना बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है, जिसका उदाहरण सुनील कुमार हैं।
श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू और उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने भी सुनील कुमार और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और प्रदेश के खेल क्षेत्र को नई दिशा देने वाली है।
सुनील कुमार की इस सफलता से पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
