मोडिफाइड वाहनों पर पुलिस की सख्ती जारी, नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई

जिला हमीरपुर में वाहनों को मॉडिफाइड करवाने के बढ़ते प्रचलन पर अभी तक पूरी तरह विराम नहीं लग पाया है। हालांकि पुलिस द्वारा ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ चालक यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने से बाज नहीं आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार शहर में कुछ युवाओं द्वारा अपनी कारों, बुलेट और अन्य मोटरसाइकिलों को मॉडिफाई कर सड़कों पर चलाया जा रहा है, जिससे यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना हो रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने बिगड़ैल वाहन चालकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।

पुलिस द्वारा कई वाहनों को इंपाउंड किया गया है, वहीं मॉडिफाइड साइलेंसर और अन्य अवैध एक्सेसरी भी जब्त की गई हैं। इसके बावजूद कुछ दुपहिया वाहन चालक अब भी नियमों की अनदेखी करते हुए शहर की सड़कों पर वाहन चला रहे हैं।

गौरतलब है कि करीब दो सप्ताह पहले इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक मॉडिफाइड आल्टो कार का लगभग एक लाख रुपये का चालान किया था। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम (एम.वी. एक्ट) के उल्लंघन पर दर्जनों वाहनों को इंपाउंड किया जा चुका है।

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश उपाध्याय ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा एम.वी. एक्ट का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!