

करीब 8 मंजिला इस भव्य संरचना को देखते हुए इंजीनियरिंग चीफ ने कहा कि यह बस स्टैंड न केवल हमीरपुर बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का प्रतीक होगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति को परखा। साथ ही, जहां कहीं भी मामूली कमियां पाई गईं, उन्हें तुरंत प्रभाव से दुरुस्त करने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि इस परियोजना की चमक फीकी न पड़े।
इंजीनियरिंग चीफ नरेंद्र सिंह ने बताया कि यह ऐतिहासिक परियोजना मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता का परिणाम है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यह सपना साकार हो रहा है। यह बस स्टैंड अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और अगले कुछ महीनों में इसे हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद यह पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल के तौर पर पेश किया जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से हमीरपुर शहर की तस्वीर ही बदल जाएगी और यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर विजय चौधरी, एचआरटीसी के डिवीजन मैनेजर राजकुमार पाठक, अधिशाषी अभियंता दीपक कपिल और एसडीओ संजय कटोच सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए तेजी से कार्य चल रहा है और जल्द ही यह सपना साकार होगा।
