अटारी–लेह वाया टोनी देवी–आवाहदेवी मार्ग पर ग्रामीणों का विरोध, NH-03 निर्माण कार्य रुकवाया

हमीरपुर। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटारी–लेह वाया टोनी देवी–आवाहदेवी मार्ग पर निर्माण कार्य कर रही राष्ट्रीय राजमार्ग‑03 निर्माण कंपनी की कथित लापरवाही के खिलाफ सोमवार को अप्पर दरोगण गांव के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने कंपनी का काम बंद करवा दिया और साफ शब्दों में कहा कि पहले गांव का टूटा रास्ता बहाल किया जाए, उसके बाद ही अन्य निर्माण कार्य होने दिया जाएगा।

ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले कंपनी ने हरिजन बस्ती को जाने वाला रास्ता तोड़ दिया था, जिसे आज तक नहीं बनाया गया। पिछले दो महीनों से ग्रामीण लगातार रास्ता पुनर्निर्माण, पुलिया निर्माण और लिंक रोड की मरम्मत की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में ग्रामीण उपायुक्त हमीरपुर से भी मिल चुके हैं और इससे पहले भी कई बार निर्माण कार्य रुकवाया जा चुका है।

सोमवार को जब कंपनी कर्मचारी सड़क किनारे बिजली के खंभों की सुरक्षा के लिए रिटेनिंग वॉल बनाने पहुंचे तो ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और काम बंद करवा दिया। लोगों का कहना था कि कंपनी बार-बार आश्वासन देती है, लेकिन जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। देर शाम तक ग्रामीण मौके पर डटे रहे। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी के कर्मचारी और कंपनी अधिकारी पहुंचे, मगर ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे हैं!

ग्रामीणों ने सड़क की डिजाइन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग आमतौर पर सीधे और सुरक्षित होते हैं, जबकि यहां सड़क जगह-जगह टेढ़ी-मेढ़ी बनाई गई है। उन्होंने प्रशासन से दोबारा सर्वे करवाने और संभावित अनियमितताओं की जांच की मांग की है।

राजेंद्र राणा ने पहले भी उठाया था मुद्दा

भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा पहले भी ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर कंपनी पर सवाल उठा चुके हैं। उनकी चेतावनी के बाद कंपनी ने मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था।

रीना चौहान की दोटूक चेतावनी

राष्ट्रीय राजमार्ग-03 प्रभावित पीड़ित मंच की महिला अध्यक्ष रीना चौहान ने निर्माण कंपनी को चेतावनी देते हुए कहा कि पहले स्थानीय लोगों के रास्ते और लिंक रोड बहाल किए जाएं, उसके बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि राजमार्ग लोगों की सुविधा के लिए बनते हैं, न कि स्थानीय निवासियों को परेशान करने के लिए।

ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!