सीएम सुक्खू की तबीयत अचानक बिगड़ी, एम्स में जांच के बाद हिमाचल सदन लौटे

नई दिल्ली/शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की शनिवार को दिल्ली दौरे के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोपहर के समय उन्हें उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली ले जाया गया। डॉक्टरों द्वारा जरूरी परीक्षण किए जाने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद मुख्यमंत्री हिमाचल सदन लौट आए।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री फिलहाल दिल्ली में ही आराम कर रहे हैं और रविवार को शिमला लौटने की संभावना है। तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद उनके साथ दिल्ली पहुंचे कैबिनेट मंत्री अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हो गए।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री 19 फरवरी को पूरी कैबिनेट के साथ दिल्ली पहुंचे थे। 20 फरवरी को उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। बैठक में राजस्व घाटा अनुदान (RDG) बंद किए जाने से हिमाचल प्रदेश की बिगड़ती वित्तीय स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से सेब बागवानों को होने वाले संभावित नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया। बताया जा रहा है कि आरडीजी बंद होने से प्रदेश को सालाना करीब 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है, जिससे आगामी बजट में खर्चों में कटौती की स्थिति बन सकती है। इसी अनुदान की बहाली की मांग को लेकर मुख्यमंत्री कैबिनेट सहित दिल्ली पहुंचे थे।

फिलहाल मुख्यमंत्री की सेहत में सुधार बताया जा रहा है और चिकित्सकों ने उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!