मोदी सरकार ने नारीशक्ति के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण में दी नई दिशा: अनुराग सिंह ठाकुर

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने दिल्ली आवास पर हमीरपुर भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन कर संगठनात्मक विषयों, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा बजट 2026-27 में महिलाओं के लिए किए गए प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में नारीशक्ति ने सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 महिलाओं के लिए ऐतिहासिक और व्यापक प्रावधानों वाला बजट है। कुल बजट का 9.37 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं की समानता और सशक्तिकरण के लिए निर्धारित किया गया है तथा महिला एवं बालिका कल्याण के लिए लगभग पांच लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है।

उन्होंने बताया कि यह अब तक का सबसे बड़ा जेंडर-रेस्पॉन्सिव बजट है। महिलाओं के लिए 100 प्रतिशत आवंटन वाली योजनाओं के अंतर्गत 1,07,688.42 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के लिए 19,200 करोड़ रुपये तथा NAMO ड्रोन दीदी योजना के लिए 676.85 करोड़ रुपये का प्रावधान ग्रामीण महिलाओं को कौशल, तकनीक और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि लखपति दीदी योजना को SHE-मार्ट से जोड़ने का निर्णय महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वतंत्र उद्यमी बनाने की दिशा में परिवर्तनकारी पहल है तथा वर्ष 2027 तक तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण) के अंतर्गत महिलाओं के लिए बड़े आवंटन से सुरक्षित आवास, संपत्ति स्वामित्व और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए समर्पित योजनाओं, मिशन शक्ति तथा राष्ट्रीय महिला आयोग के लिए बढ़े हुए प्रावधान सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!