होली सनातन संस्कृति में आस्था, सत्य और सद्भाव का शाश्वत संदेश: प्रो. प्रेम कुमार धूमल

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने पावन पर्व होली के अवसर पर प्रदेशवासियों तथा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने संदेश में कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई की विजय, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। यह पर्व हमें भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे को अपनाने और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार होली के रंग समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोते हैं, उसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ देश के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है।

 

उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, गरीब कल्याण योजनाओं और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा में अभूतपूर्व वृद्धि देखी है। होली का यह पर्व हमें नई ऊर्जा और नई आशा के साथ राष्ट्रनिर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प भी दिलाता है। अनुराग सिंह ठाकुर ने सभी से आग्रह किया कि प्रेम, सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ इस उत्सव को मनाएं।

 

पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल ने भी होली के पावन अवसर पर हमीरपुर सहित प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

 

प्रो. धूमल ने अपने संदेश में कहा कि सनातन परंपरा में होली का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। यह पर्व भक्त प्रह्लाद की अटूट आस्था और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। होलिका दहन हमें अहंकार, अन्याय और अधर्म के त्याग का संदेश देता है, जबकि रंगों की होली जीवन में प्रेम, करुणा और सद्भाव के रंग भरने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और नैतिक मूल्यों के संरक्षण का माध्यम भी होते हैं।

 

प्रो. धूमल ने आह्वान किया कि सभी लोग आपसी वैमनस्य भुलाकर समाज में सौहार्द और एकता को सुदृढ़ करें तथा युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का संकल्प लें।

 

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!