हमीरपुर के पुलिस थाना सदर की टीम ने नियमित चेकिंग के दौरान एक टैक्सी से हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने चेकिंग के लिए टैक्सी को रोका। चालक ने अपना नाम अक्षय कुमार पुत्र रमेश चंद, निवासी गांव वल्ह मंसदा, डाकघर रोपड़ी, तहसील बड़सर, जिला हमीरपुर बताया।
टैक्सी में सवार युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 15.52 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। युवक की पहचान शशी कांत (24) पुत्र श्री कृष्ण शर्मा, निवासी भाटी, डाकघर मोंही, तहसील व जिला हमीरपुर के रूप में हुई, जो टैक्सी को किराये पर लेकर भोटा से भाटी जा रहा था।
तलाशी के दौरान जिस सीट पर वह बैठा था, वहां सीट के बीच में छुपाकर रखी गई एक पारदर्शी पॉलीथीन बरामद हुई। पॉलीथीन के अंदर क्रीम रंग का ठोस पदार्थ टुकड़ों के रूप में मिला, जिसे जांच के बाद 15.52 ग्राम हेरोइन/चिट्टा पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच जारी है।
