आईटीआई ऊना में साक्षात्कार 10 मार्च को

रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ऊना में 10 मार्च को होंडा कार इंडिया लिमिटेड, राजस्थान द्वारा साक्षात्कार आयोजित किया जा रहा है।

 

आईटीआई ऊना के प्रधानाचार्य इंजीनियर अंशुल भारद्वाज ने बताया कि इस साक्षात्कार में फिटर, ऑटोमोबाइल, मशीनिस्ट, टर्नर, डीजल मैकेनिक, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, ड्राफ्ट्समैन, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक तथा आर एंड एसी संबंधित ट्रेड से 2022, 23 और 24 बैच के पासआउट प्रशिक्षु भाग ले सकते हैं।

 

उन्होंने बताया कि इस साक्षात्कार में छात्र और छात्राओं दोनों भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस कंपनी को लगभग 250 अप्रेंटिस और 100 फिक्स्ड टर्म एसोसिएट्स की आवश्यकता है। अप्रेंटिस पद के लिए आईटीआई पास उम्मीदवारों की आयु 18 से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि फिक्स्ड टर्म एसोसिएट्स के लिए आयु सीमा 19 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। साथ ही अभ्यर्थियों के पास कम से कम छह माह का अनुभव होना आवश्यक है।

 

उन्होंने बताया कि अप्रेंटिस पद के लिए चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 14,250 रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा, जबकि फिक्स्ड टर्म एसोसिएट्स के लिए चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 25,450 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।

 

उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित आईटीआई ऊना में उपस्थित होकर इस रोजगार अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!