भाजपा का प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बना रहा है: इन्द्रदत्त लखनपाल

बड़सर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी मंडल बड़सर द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग महाअभियान का सफल आयोजन बाबा बालक रूपी मंदिर, कुरियाह में संपन्न हुआ। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में मंडल के विभिन्न बूथों और शक्ति केंद्रों से आए कुल 123 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति तथा जनसेवा के विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों, संगठनात्मक संरचना और जनसंपर्क के प्रभावी तरीकों को विस्तार से समझा।

 

यह दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 7 मार्च से 16 मार्च 2026 तक देशभर में मंडल स्तर पर चल रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत 7-8 मार्च को आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को सशक्त और अनुशासित बनाना है। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कुल आठ सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना, कार्यकर्ताओं की भूमिका, राष्ट्र निर्माण में भाजपा की भागीदारी, जनसंपर्क की प्रभावी रणनीति तथा डिजिटल माध्यमों के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

पहले दिन के प्रथम सत्र में बड़सर के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनकल्याण और सुशासन के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनसे देश के हर वर्ग को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि भाजपा की नीतियां अंत्योदय के सिद्धांत पर आधारित हैं, जिसके माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

दूसरे सत्र में पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनोद ठाकुर ने पार्टी की कार्यपद्धति पर विस्तार से बताया कि भाजपा एक अनुशासित और कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक ढांचे के अनुरूप कार्य करते हुए कार्यकर्ता समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

 

तीसरे सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बूथ प्रबंधन के महत्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका सशक्त बूथ स्तर का संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने और संगठन की गतिविधियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ प्रबंधन ही चुनावी सफलता की आधारशिला है।

 

चौथे सत्र को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आर.सी. शर्मा ने संबोधित किया और पार्टी के वैचारिक अधिष्ठान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और सेवा की भावना से प्रेरित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज सेवा और संगठन निर्माण के कार्य में सक्रिय रहने का संदेश दिया।

 

पाँचवें सत्र में जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल ने सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम जनसंपर्क का अत्यंत प्रभावी साधन बन चुके हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और एआई आधारित तकनीकों का सकारात्मक उपयोग कर संगठन की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। इसी सत्र में भाजपा के जिला सोशल मीडिया संयोजक रजत भारती ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को सरल और नमो ऐप्लिकेशन के इस्तेमाल पर प्रशिक्षण दिया।

 

पहले दिन के अंतिम और छठे सत्र को नादौन विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने संबोधित किया और पार्टी कार्य-विस्तार के विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक अपनी विचारधारा और विकास की सोच को पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद बढ़ाकर संगठन के विस्तार में सक्रिय योगदान दें।

 

दूसरे दिन 8 मार्च को सुबह 6:00 बजे से सातवें सत्र में योग गतिविधियां, सामुहिक हनुमान चालीसा पाठ और हवन यज्ञ का आयोजन किया गया।

 

इसके बाद आठवें और समापन सत्र प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रभारी व हमीरपुर जिला के सह-प्रभारी प्रियव्रत शर्मा ने भाजपा के इतिहास और विकास पर चर्चा करते हुए बताया कि किस प्रकार एक छोटे से संगठन के रूप में प्रारंभ हुई पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विकास कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और राष्ट्रवादी विचारधारा के कारण संभव हुआ है।

 

वक्ताओं ने अपने संबोधनों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांत वाली भाजपा की विचारधारा की पर बल दिया। प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए संगठन को मजबूत करने के विषय में भी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को यह संदेश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

 

अंत में जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, समर्पण और टीम भावना को विकसित करते हैं तथा संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है जो अपने कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रशिक्षण और वैचारिक विकास पर विशेष ध्यान देता है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!