जिला में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता

मध्य-पूर्व क्षेत्र में उत्पन्न परिस्थितियों के कारण जिला में घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर कुछ अफवाहें फैल रही हैं। इस संबंध में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने स्पष्ट किया कि जिले में कार्यरत सभी 12 गैस एजेंसियों के पास घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है।

 

उपायुक्त ने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि गैस सिलेंडरों की कमी से जुड़ी किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार उपभोक्ता 25 दिनों के अंतराल में ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें तथा जल्दबाजी में अनावश्यक रूप से सिलेंडरों की बुकिंग न करवाएं, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध करवाई जा सके।

 

इसके साथ ही, उन्होंने उपभोक्ताओं से यह भी अपील की है कि वे गैस सिलेंडरों की बुकिंग केवल अधिकृत माध्यमों से ही करें और किसी भी अनधिकृत वेबसाइट या ऐप के माध्यम से बुकिंग न करें।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में स्थित सभी चिकित्सा और शैक्षणिक संस्थानों को व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आवश्यक सेवाएं प्रभावित न हों।

 

इसके अतिरिक्त संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई व्यक्ति या संस्थान घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके निरीक्षण के लिए विभागीय टीमों का गठन भी किया गया है।

उपायुक्त ने सभी जिलावासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे जिम्मेदार उपभोक्ता बनकर नियमों का पालन करें और किसी भी भ्रामक सूचना से बचें, ताकि जिले में गैस की सुचारू आपूर्ति बनी रहे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!