डीसी जतिन लाल बोले..जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर न दें ध्यान

उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की किसी प्रकार की कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को उनकी मांग के अनुसार नियमित रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण उत्पन्न हालात को लेकर गैस सिलेंडरों की कमी संबंधी कुछ अफवाहें फैल रही हैं, जिन पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में कार्यरत सभी 12 गैस एजेंसियों के पास घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति की प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस की कमी से जुड़ी किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और अनावश्यक रूप से जल्दबाजी में सिलेंडर बुकिंग न करवाएं।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार उपभोक्ता 25 दिनों के अंतराल के बाद ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध करवाई जा सके और आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि गैस सिलेंडरों की बुकिंग केवल अधिकृत माध्यमों से ही की जाए और किसी भी अनधिकृत वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से बुकिंग से बचा जाए।

जतिन लाल ने बताया कि जिले के सभी चिकित्सा तथा शैक्षणिक संस्थानों को व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आवश्यक सेवाएं किसी भी प्रकार से प्रभावित न हों।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति या संस्थान घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके लिए विभागीय टीमों का गठन भी किया गया है।

उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि वे जिम्मेदार उपभोक्ता बनकर नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना से बचें, ताकि जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!