गांधी चौक के नजदीक शनिवार सुबह एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने जैसे ही व्यक्ति को बेसुध हालत में देखा, तुरंत सदर पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान महेंद्र सिंह (53) पुत्र रुलाया राम निवासी सासन, झन्यारी जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक शुक्रवार रात को शराब के नशे में गांधी चौक की ओर निकला था।
अनुमान लगाया जा रहा है कि चलते समय वह अनियंत्रित होकर मुंह के बल गिर गया, जिससे किसी नुकीली वस्तु से उसके चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आईं, जो उसकी मौत का कारण बन सकती हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
मामले की पुष्टि एसपी बलबीर सिंह ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
