हमीरपुर, संवाददाता:
जिला पुलिस की पीओ सेल ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए उद्घोषित अपराधी राजीव कुमार (53), निवासी गांव धमलोट, तहसील भोरंज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माननीय मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) हमीरपुर की अदालत ने 27 फरवरी 2026 को आरोपी को धारा 138 एवं 142(बी) नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत थाना भोरंज में दर्ज एक मामले में उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पीओ सेल हमीरपुर की टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी का सुराग लगाया और उसे काबू करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अन्य नौ मामले भी विभिन्न थानों में लंबित हैं, जिनमें वह वांछित चल रहा था।
पुलिस की इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
