जिला में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना हमीरपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के अंतर्गत ताल के पास दो युवकों को पकड़ा, जिनके कब्जे से 12.70 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीक्षांत (25) पुत्र कुलदीप निवासी गांव पैंहजवी, डाकघर धिरवीं, तहसील भोरंज तथा दिनेश कुमार निवासी गांव कठियांवी, डाकघर कड़ोहता, तहसील भोरंज जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
