जिला मुख्यालय के लोहरडा बाईपास रोड पर एक बुजुर्ग दुकानदार के साथ नकली नोटों के जरिए ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस थाना सदर हमीरपुर में इस संबंध में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री चुनी लाल (74 वर्ष), पुत्र श्री दया राम, निवासी गाथ लोहरडा, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिनांक 09 अप्रैल 2026 को करीब दोपहर 2 बजे दो अज्ञात व्यक्ति सफेद रंग की कार में उनकी दुकान पर आए। दोनों ने पहले चाय पी और बाद में ₹200 के नोट होने की बात कहकर ₹500 के नोट देने को कहा।
शिकायतकर्ता उनकी बातों में आ गया और उसने ₹500 के 12 नोट (कुल ₹6000) उन्हें दे दिए। इसके बदले आरोपियों ने उसे ₹200 के 30 नोट दिए, जिन्हें उसने बिना जांच किए दुकान के गल्ले में रख लिया।
अगले दिन 10 अप्रैल को करीब 12 बजे जब नोटों की जांच की गई तो पता चला कि ₹200 के 16 नोट नकली हैं, जबकि 14 नोट असली पाए गए। इस प्रकार दुकानदार के साथ ₹3200 की ठगी हुई है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति से नोट बदलने से पहले उनकी अच्छी तरह जांच अवश्य करें।