नशे के खिलाफ जारी अभियान में स्पेशल टास्क फोर्स कांगड़ा ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। आदर्श नगर में दबिश देकर पुलिस ने 17.99 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भागमल उर्फ बब्बू निवासी आदर्श नगर, अंब के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, एसआईयू कांगड़ा की टीम नियमित गश्त पर थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि विश्वकर्मा सर्विस प्वाइंट पर कार्यरत उक्त व्यक्ति चिट्टा तस्करी में लिप्त है। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत छापेमारी की।
तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर से एक पारदर्शी पॉलिथीन बैग बरामद हुआ, जिसमें 17.99 ग्राम चिट्टा पाया गया। पुलिस ने बिना देर किए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध धंधे में और कौन-कौन शामिल हैं।
पुलिस का सख्त संदेश: नशा तस्करों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
