हमीरपुर। दडूही सासन में आयोजित पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता का खिताब हैप्पी हमीरपुरिया के नाम रहा। शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने फाइनल मुकाबले में जीत हासिल की। विजेता पहलवान को 9100 रुपये नकद पुरस्कार और गुर्ज देकर सम्मानित किया गया।
दंगल प्रतियोगिता में क्षेत्रभर से आए पहलवानों ने दमखम दिखाया और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण बैंक के डायरेक्टर होशियार सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि इस तरह की पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं न केवल युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी जीवित रखती हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और दंगल का भरपूर आनंद लिया।
