ब्रेकिंग न्यूज हमीरपुर में जाली नोटों से ठगी: बिलासपुर से दो आरोपी गिरफ्तार

जिला हमीरपुर में जाली नोटों के जरिए ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शिकायतकर्ता श्री चुनी लाल (74 वर्ष), निवासी गाथ लोहरड़ा बाईपास रोड, तहसील व जिला हमीरपुर, ने पुलिस थाना सदर हमीरपुर में शिकायत दर्ज करवाई कि 9 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 बजे दो अज्ञात व्यक्ति सफेद रंग की कार में उनकी दुकान पर आए। दोनों ने चाय पीने के बाद यह कहकर कि उनके पास ₹200 के नोट अधिक हैं, ₹500 के नोट देने को कहा।

बातों में आकर दुकानदार ने ₹500 के 12 नोट (कुल ₹6000) दे दिए, जिसके बदले आरोपियों ने ₹200 के 30 नोट दिए। शिकायतकर्ता ने बिना जांच किए नोट गल्ले में रख दिए।

अगले दिन 10 अप्रैल को जब नोटों की जांच की गई, तो ₹200 के 16 नोट नकली पाए गए, जबकि 14 नोट असली थे। इस तरह पीड़ित के साथ ₹3200 की ठगी की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर हमीरपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें जिला बिलासपुर के घुमारवीं क्षेत्र के पास गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को हमीरपुर लाया जा रहा है और मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस की अपील:

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के नोटों का लेन-देन करते समय उनकी अच्छी तरह जांच करें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!