रसोई गैस आपूर्ति पर प्रशासन सतर्क, उपभोक्ताओं से धैर्य रखने की अपील

अतिरिक्त उपायुक्त मंडी गुरसिमर सिंह की अध्यक्षता में रसोई गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जिले में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की नियमित निगरानी की जा रही है तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निपटारा किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि जिले में कार्यरत 24 गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। अतिरिक्त उपायुक्त ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करवाएं। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल के बाद ही अगली बुकिंग की जा सकती है।

 

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि धर्मपुर, सरकाघाट और जोगिंदरनगर क्षेत्रों से गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इस पर संबंधित तेल विपणन कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन क्षेत्रों की गैस एजेंसियों को अतिरिक्त गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण निर्धारित मार्ग योजना के अनुसार ही सुनिश्चित किया जाए तथा जिन क्षेत्रों में कुछ समय से आपूर्ति नहीं पहुंची है, वहां प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध करवाई जाए।

 

उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपनी पहचान सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण नहीं की है, वे इसे शीघ्र पूरा करें, ताकि गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में जिले की गैस एजेंसियों में 14.2 किलोग्राम के 3814 घरेलू, 19 किलोग्राम व्यावसायिक के 165 , 5 किलोग्राम घरेलू के 112 तथा 5 किलोग्राम व्यावसायिक के 570 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे घबराएं नहीं और प्रशासन का सहयोग करें।

 

बैठक में जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, क्षेत्रीय प्रबंधक हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम तथा क्षेत्रीय बिक्री अधिकारी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड उपस्थित रहे

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!