जिला हमीरपुर के बड़सर उपमंडल की पंचायत ग्यारह ग्रां में कुरयाह और भालत के बीच स्थित सरियाली खड्ड में देर रात एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्रारंभ में शव की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन पुलिस जांच के बाद मृतक की पहचान अर्जुन सिंह (42) पुत्र ओम प्रकाश, निवासी गांव भुधाबाद, डाकघर तांडा, तहसील मुकेरियां, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले एक चरवाहे ने खड्ड में शव देखा और इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक नमूने एकत्र किए।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक हाथ का कड़ा मिला, जिस पर पंजाबी में “सतनाम वाहेगुरु” लिखा हुआ था। इसी सुराग के आधार पर मृतक के पंजाब से होने की आशंका जताई गई और पुलिस ने गुमशुदगी के मामलों की जांच शुरू की।
परिजनों के अनुसार, अर्जुन सिंह बाबा बालक नाथ मंदिर में मेलों के दौरान लंगर सेवा के लिए आया हुआ था। 6 अप्रैल को वह घर जाने की बात कहकर वहां से निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और थाना शाहतलाई में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान अर्जुन सिंह के रूप में की।
एसपी लालमन शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।