पोस्ट कोड 26004: सहायक स्टाफ नर्स भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने पोस्ट कोड 26004 के तहत सहायक स्टाफ नर्स (एलोपैथी) के 508 पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा 20 और 21 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी।
प्रेस नोट के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 7072 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सभी अभ्यर्थियों को प्रोविजनल तौर पर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई। इनमें से 6043 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 1029 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
757 अभ्यर्थी दस्तावेज़ सत्यापन के लिए चयनित
परीक्षा परिणाम के आधार पर 757 अभ्यर्थियों को अगले चरण, यानी दस्तावेज़ सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के लिए अस्थायी रूप से शॉर्टलिस्ट किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
30 अप्रैल से शुरू होगा सत्यापन
शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों का दस्तावेज़ सत्यापन 30 अप्रैल 2026 से सुबह 10 बजे आयोग के हमीरपुर स्थित कार्यालय में किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, दो सेट स्वयं सत्यापित प्रतियां, एक पहचान पत्र तथा आवेदन पत्र की कॉपी साथ लेकर आएं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा और उन्हें कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा।
वेबसाइट और ईमेल से मिलेगी जानकारी
दस्तावेज़ सत्यापन की विस्तृत समय-सारणी जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ईमेल के माध्यम से भी सूचना दी जाएगी। इस संबंध में डाक द्वारा कोई अलग कॉल लेटर जारी नहीं किया जाएगा।
त्रुटि सुधार का अधिकार सुरक्षित
आयोग ने कहा है कि परिणाम तैयार करते समय पूरी सावधानी बरती गई है, लेकिन किसी तकनीकी या अनजानी त्रुटि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसी स्थिति में आयोग को परिणाम में आवश्यक संशोधन करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!