जिला हमीरपुर के महिला थाना में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता निवासी गांव व डाकघर बिहरू ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के माध्यम से शिकायत दी थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए महिला थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर दी है।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2017 में सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी एक युवक से हुई। आरोपी ने विवाह का भरोसा दिलाकर उससे मुलाकात की और विभिन्न स्थानों पर साथ लेकर गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने कई बार शादी का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाए।
दिसंबर 2023 में उत्तर प्रदेश के कौशांबी में आरोपी ने कथित रूप से दबाव बनाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए। इसके बाद रेवाड़ी में भी ऐसी घटना होने का आरोप है। कुछ समय बाद पीड़िता के गर्भवती होने पर आरोपी ने गर्भपात के लिए दबाव डाला और फिर संपर्क समाप्त कर लिया।
पीड़िता ने अज्ञात नंबरों से धमकी भरे कॉल आने की भी शिकायत की है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला उत्तर प्रदेश के कौशांबी क्षेत्र का होने के चलते भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कर केस संबंधित थाना को भेज दिया है।
मामले की आगामी जांच संबंधित पुलिस द्वारा की जा रही है।