। पुलिस थाना सदर हमीरपुर के अंतर्गत भोटा चौक से आगे सौर के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शौर्य पटियाल पुत्र मेहर चंद निवासी गांव धनवीं, तहसील व जिला हमीरपुर ने पुलिस में दर्ज बयान में बताया कि 22 अप्रैल 2026 की रात करीब 12:50 बजे वह अपने सगे भाई लवेश पटियाल और गांव के एक युवक रोहित कुमार के साथ पिकअप गाड़ी (HP-67-8366) में दूध की सप्लाई लेने के लिए बामटा (बिलासपुर) जा रहे थे। गाड़ी लवेश पटियाल चला रहा था।
भोटा से आगे सौर के पास पहुंचने पर उनके आगे चल रहे ट्रक (HP-62B-0231) को ओवरटेक करने के दौरान सामने से एक वाहन आ गया। इस दौरान चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से गाड़ी को अपनी ओर मोड़ा, जिससे पिकअप आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में तीनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर चालक लवेश पटियाल के खिलाफ तेज रफ्तारी व लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। सभी संबंधित व्यक्तियों का मेडिकल करवाकर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
भोटा के सौर मे पिछली देर रात ट्रक व ट्राले की भीड़त मे तीन लोग घायल हुए थे जिनमे से एक युवक की हॉस्पिटल मे मौत हो गई है जबकि दो अन्य गंभीर है! पुलिस ने लापरवाही से गाडी चलाने का मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है!