हमीरपुर में ठगी का एक नया तरीका सामने आया है, जहां कुछ शातिर लोग खुद को एक्साइज विभाग का अधिकारी बताकर शराब कारोबारियों से मुफ्त शराब ऐंठने की कोशिश कर रहे हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेसर्स यूनिक वाइन्स से जुड़े लाइसेंसधारी प्रतिनिधि सौरभ कटोच ने सदर थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि अज्ञात लोग उनके शराब स्टॉल पर पहुंचकर खुद को एक्साइज अधिकारी बताते हैं और कर्मचारियों पर दबाव बनाकर मुफ्त शराब की मांग करते हैं।
उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को एक व्यक्ति HP-84-0040 नंबर की BMW कार में आया और खुद को अधिकारी बताकर शराब मांगी। इसके बाद 24 अप्रैल को HP-22F-1461 नंबर की Hyundai कार में आए दो अन्य व्यक्तियों ने भी इसी तरह की हरकत करते हुए सेल्समैन को धमकाया और लाइसेंस रद्द करवाने की चेतावनी दी।
कारोबारी ने इसे संगठित तरीके से की जा रही ठगी की कोशिश बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश उपाध्याय ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी अधिकारी इस तरह मुफ्त में शराब की मांग नहीं करता, इसलिए ऐसे मामलों में सतर्क रहें और तुरंत सूचना दें।