भोरंज क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। गारली-धबढ़ियाना मार्ग पर एक सेंट्रो कार (HP 22D 3596) अनियंत्रित होकर लगभग 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों में से एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान गांव दलालड़ निवासी रमेश चंद धीमान (74 वर्ष) और उनकी पत्नी संतोष कुमारी (66 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश चंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि संतोष कुमारी को अस्पताल ले जाते समय मृत घोषित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार चालक पृथि चंद अपनी पत्नी सरोज कुमारी, जीजा रमेश चंद धीमान और उनकी पत्नी के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान गारली-धबढ़ियाना के समीप वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
घायल पृथि चंद और सरोज कुमारी को तत्काल डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हमीरपुर रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत अब स्थिर है और उन्हें जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
राजीव राणा ने अस्पताल पहुंचकर जताया शोक
घटना की जानकारी मिलते ही राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य राजीव राणा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मिलकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने कहा,
“यह हादसा अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। भोरंज ने अपने दो सम्मानित नागरिक खो दिए हैं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।”
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे भोरंज क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
