हमीरपुर उपमंडल के अंतर्गत ग्राम बजुरी में आज एक दर्दनाक अग्निकांड की घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। अचानक लगी भीषण आग में एक पशुशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से गौशाला के अंदर बंधी दो भैंसें और एक कटरा गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी के अनुसार एक भैंस लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस गई, जबकि दूसरी भैंस और कटरा करीब 70 प्रतिशत तक आग से प्रभावित हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग हमीरपुर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गौशाला और उसमें रखा सामान पूरी तरह तबाह हो चुका था। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर राहत कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। प्रशासन की ओर से मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया गया तथा प्रदेश सरकार की तरफ से ₹4000 की फौरी राहत राशि प्रदान की गई।
मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने अपनी ओर से पीड़ित राजू जी को ₹10,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि घायल पशुओं के इलाज और देखभाल के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
इस दौरान एक गंभीर समस्या भी सामने आई। अग्निशमन विभाग की गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसका मुख्य कारण सड़क पर अतिक्रमण बताया जा रहा है। इस पर चिंता व्यक्त करते हुए डॉ. वर्मा ने लोगों से अपील की कि सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए ताकि भविष्य में किसी भी आपदा या आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य समय पर पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं कभी भी और कहीं भी हो सकती हैं, इसलिए समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी बनती है कि आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ते हमेशा खुले और सुरक्षित रखें।
