पंचायती राज चुनावों के लिए पहले दिन 3820 नामांकन दाखिल

पंचायती राज संस्थाओं के जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन जिला भर में 4768 पदों के लिए कुल 3820 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अपूर्व देवगन ने दी।

उन्होंने बताया कि जिला परिषद के 36 वार्ड सदस्य पदों के लिए पहले दिन 54 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। वहीं 14 पंचायत समितियों के 267 सदस्य पदों के लिए 235 नामांकन दाखिल किए गए। इसके अलावा ग्राम पंचायत प्रधान के 577 पदों के लिए 891, उपप्रधान पदों के लिए 706 तथा ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के 3311 पदों के लिए 1934 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं।

उपायुक्त ने बताया कि पंचायत समिति बल्ह के 23 सदस्य पदों के लिए 14, बालीचौकी के 19 पदों के लिए 6, चौंतड़ा के 20 पदों के लिए 20, चुराग के 15 पदों के लिए 6, धनोटू के 16 पदों के लिए 11, धर्मपुर के 20 पदों के लिए 30, द्रंग के 24 पदों के लिए 20, गोहर के 16 पदों के लिए 13, गोपालपुर के 27 पदों के लिए 36, करसोग के 15 पदों के लिए 13, निहरी के 15 पदों के लिए 17, सदर मंडी के 26 पदों के लिए 28, सराज के 15 पदों के लिए 4 तथा सुन्दरनगर पंचायत समिति के 16 पदों के लिए 17 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र 8 और 11 मई को भी सुबह 11 बजे से सायं 3 बजे तक भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से होगी। 14 और 15 मई को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी तथा 15 मई को दोपहर 3 बजे के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आबंटित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतदान 26, 28 और 30 मई को होगा तथा मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों में मतगणना की जाएगी। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गणना 31 मई को सुबह 9 बजे से शुरू होगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!