हमीरपुर। पंचायत चुनावों के मद्देनज़र जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत मोरसु सुल्तानी से युवा चेहरा अशवनी कश्यप उर्फ ईशू राणा ने प्रधान पद के लिए चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया है। उनके चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद पंचायत क्षेत्र में युवाओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अशवनी कश्यप एक ऊर्जावान और जागरूक युवा हैं, जो पंचायत के विकास के साथ-साथ युवाओं को सही दिशा देने की सोच रखते हैं। ग्रामीणों के अनुसार आज के समय में युवा पीढ़ी राजनीति, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों से दूर होती जा रही है, जबकि नशे जैसी बुराइयों की ओर उनका झुकाव बढ़ रहा है। ऐसे में एक युवा उम्मीदवार का आगे आना समाज के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
अशवनी कश्यप उर्फ ईशू राणा का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य पंचायत को नशा मुक्त बनाना और युवाओं को खेलकूद, शिक्षा तथा सामाजिक कार्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है और आने वाला समय युवाओं का ही है।
ग्रामीणों ने भी उम्मीद जताई है कि यदि युवा नेतृत्व को मौका मिलता है तो पंचायत में नई सोच और विकास की नई गति देखने को मिलेगी। लोगों का कहना है कि राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ने से समाज में जागरूकता आएगी और नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा मिलेगी।
पंचायत क्षेत्र में अशवनी कश्यप उर्फ ईशू राणा की उम्मीदवारी को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और समर्थकों द्वारा लगातार जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है।
