विकास खंड बमसन की ग्राम पंचायत टपरे में प्रधान पद के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पंचायत के लोकप्रिय चेहरे अजय चौहान ने सोमवार को समर्थकों और ग्रामीणों के आग्रह पर प्रधान पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी रण में उतरने का ऐलान कर दिया।
अजय चौहान के मैदान में उतरते ही पंचायत का चुनावी समीकरण पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। उनके नामांकन के बाद विरोधी खेमे में हलचल तेज हो गई है, जबकि समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
पिछले चुनाव में उपप्रधान पद पर रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कर चुके अजय चौहान को पंचायत में ईमानदार और साफ छवि वाले व्यक्तित्व के रूप में देखा जाता है। पेशे से वरिष्ठ पत्रकार होने के कारण उनकी समाज में मजबूत पकड़ मानी जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि अजय चौहान हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं, जिसके चलते युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है। नामांकन के दौरान भी बड़ी संख्या में लोग उनके साथ मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार पंचायत में इस बार मुकाबला एकतरफा होता दिखाई दे रहा है। खासकर युवाओं और महिलाओं में उनकी संभावित जीत को लेकर खासा उत्साह है। वहीं पूर्व सैनिकों और बुजुर्गों ने भी उन्हें अपना आशीर्वाद और समर्थन देने की बात कही है।
