नगर पंचायत भोटा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी कड़ी में आज नगर पंचायत भोटा से भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के समर्थन में विधायक इन्द्र दत्त लखनपाल ने क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर प्रचार अभियान चलाया। इस दौरान विधायक ने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
प्रचार अभियान के दौरान स्थानीय लोगों में विधायक को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव विधायक के समक्ष रखे। विधायक लखनपाल ने कहा कि जनप्रतिनिधि का असली दायित्व जनता के बीच रहकर उनकी परेशानियों को समझना और उनका समाधान करना होता है। उन्होंने कहा कि केवल कार्यालय में बैठकर लोगों की समस्याओं का हल नहीं निकाला जा सकता, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी बात सुनना जरूरी है।
विधायक इन्द्र दत्त लखनपाल लंबे समय से अपने जनसंपर्क और लोगों के बीच सक्रिय रहने की कार्यशैली को लेकर पहचाने जाते रहे हैं। चाहे खुशी का अवसर हो, दुख की घड़ी हो या किसी सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन, विधायक हर समय लोगों के बीच मौजूद रहते हैं। यही कारण है कि चुनावी व्यस्तताओं के बावजूद भी वह लगातार गांव-गांव और मोहल्लों में जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक लखनपाल पहले जब कांग्रेस पार्टी में थे तब भी आम जनता से सीधे जुड़े रहते थे और अब भारतीय जनता पार्टी में आने के बाद भी उन्होंने अपनी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं किया है। लोगों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए तुरंत अधिकारियों से संपर्क करना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहता है।
डोर-टू-डोर प्रचार के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि नगर पंचायत भोटा में इस बार भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। प्रचार अभियान के दौरान क्षेत्र में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्माया नजर आया।
इस मौके पर विधायक लखनपाल ने कहा कि नगर पंचायत के विकास, स्वच्छता, बेहतर सुविधाओं और जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए भाजपा समर्थित उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद और सहयोग लगातार मिल रहा है तथा आने वाले समय में भोटा क्षेत्र के विकास को नई गति दी जाएगी।
