जिला हमीरपुर के अंतर्गत पुलिस थाना भोरंज की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जाहू बस स्टैंड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को लगभग 10 ग्राम चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस थाना भोरंज को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर जाहू बस स्टैंड की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में क्षेत्र में नाकाबंदी की।
इस दौरान संदिग्ध युवक को काबू कर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी विनय कुमार निवासी सरकाघाट के कब्जे से लगभग 10 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
भोरंज पुलिस का कहना है कि जिला में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
