भोंरज में भाजपा को बड़ा झटका, रोशन लाल शर्मा समर्थकों सहित कांग्रेस में शामिल

भोंरज उपमण्डल के गांव जाड़ में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई जब भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता रोशन लाल शर्मा ने अपने समर्थकों सहित कांग्रेस का दामन थाम लिया। विधायक सुरेश कुमार की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में जाहु वार्ड से कांग्रेस समर्थित जिला परिषद प्रत्याशी जीवन दत्त शर्मा के समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे।

 

इस दौरान रोशन लाल शर्मा ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक भाजपा में रहकर कार्य किया, लेकिन क्षेत्र के विकास को लेकर लोगों की अपेक्षाएं पूरी नहीं हो सकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब 35 वर्षों से कई मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी रहीं, जबकि वर्तमान विधायक सुरेश कुमार ने उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करने का कार्य किया।

 

उन्होंने नई पंचायत दशमल के गठन को क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे कांग्रेस सरकार ने पूरा किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान का श्रेय भी विधायक के प्रयासों को दिया।

 

रोशन लाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने का काम कर रही है और आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जा रहा है।

 

विधायक सुरेश कुमार ने कांग्रेस में शामिल हुए लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता भोंरज क्षेत्र का समान विकास है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कई विकास कार्य आगे बढ़ाए जाएंगे।

 

वहीं जिला परिषद प्रत्याशी जीवन दत्त शर्मा ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों का समर्थन कांग्रेस की नीतियों पर विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

 

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रोशन लाल शर्मा जैसे पुराने भाजपा कार्यकर्ता का कांग्रेस में शामिल होना आगामी पंचायत और जिला परिषद चुनावों में राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!