भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य उषा बिरला, पूर्व भाजपा मीडिया प्रभारी विकास शर्मा पूर्व मंडल अध्यक्ष आदर्श कांत ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लगातार पांच बार के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को दूसरी बार सांसद रत्न अवॉर्ड से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे हमीरपुर जिले और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
उषा बिरला ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने अपने राजनीतिक एवं संसदीय जीवन में सदैव जनसेवा, विकास और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। संसद में उनकी सक्रिय भूमिका, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा संसदीय समितियों में उत्कृष्ट कार्य के कारण उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर के प्रयासों से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए आयोजित खेल महाकुंभ के माध्यम से हजारों युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। इसके साथ ही स्वास्थ्य मोबाइल सेवा जैसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुईं। सांसद भारत दर्शन योजना के अंतर्गत युवाओं और विद्यार्थियों को देश की संसद, ऐतिहासिक स्थलों और राष्ट्रीय संस्थानों को देखने एवं समझने का अवसर मिला, जिससे उनमें राष्ट्रभक्ति और जागरूकता की भावना मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि एम्स बिलासपुर, शिक्षा एवं खेल सुविधाओं के विस्तार सहित अनेक विकास कार्यों से हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। अनुराग ठाकुर की कार्यशैली युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और सांसद रत्न सम्मान उनके समर्पण, नेतृत्व क्षमता एवं जनविश्वास का प्रतीक है।
