धर्मशाला में आईपीएल मुकाबलों ने हिमाचल की अर्थव्यवस्था को दी नई रफ्तार : अनुराग सिंह ठाकुर

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला में आयोजित आईपीएल 2026 के मुकाबलों ने हिमाचल प्रदेश विशेषकर धर्मशाला, कांगड़ा, मैक्लोडगंज, पालमपुर और आसपास के क्षेत्रों की स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा प्रोत्साहन दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) ने छोटे पहाड़ी राज्य हिमाचल में क्रिकेट को नई पहचान देने के साथ-साथ खेल पर्यटन को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया है।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल और बीसीसीआई का आभार प्रकट करते हुए कहा कि “आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल जी के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश को इस बार चार मैचों का आयोजन करने का सुअवसर मिला। देश के कोने कोने व हिमाचल के हर हिस्से से आए लोगों ने इन मैचों का लुत्फ उठाया। ऐसे आयोजन ना सिर्फ हिमाचल की आर्थिकी को बल देते हैं अपितु हिमाचली संस्कृति के प्रचार प्रसार को भी बढ़ावा देते हैं। मैं इन मैचों के सफल आयोजन के लिए बीसीसीआई व एचपीसीए के अधिकारियों को भी बधाई देता हूँ व सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार प्रकट करता हूँ”

 

आईपीएल मुकाबलों के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य सभी वैधानिक एवं प्रशासनिक संस्थाओं की सराहना करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि सभी एजेंसियों ने अत्यंत कुशलता, समन्वय और स्मार्ट प्रबंधन के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन को सफल बनाया।

 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आईपीएल 2026 के दौरान धर्मशाला में आयोजित चार मुकाबलों के कारण होटल, होम-स्टे, टैक्सी, रेस्टोरेंट, स्थानीय व्यापार, हस्तशिल्प, परिवहन और पर्यटन क्षेत्र में करोड़ों रुपये का आर्थिक कारोबार हुआ। विभिन्न पर्यटन एवं होटल उद्योग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार आईपीएल मैचों के दौरान धर्मशाला में होटल बुकिंग में लगभग 6 गुना तक वृद्धि दर्ज की गई तथा हजारों क्रिकेट प्रेमियों के आगमन से पूरे क्षेत्र में व्यापक आर्थिक गतिविधियां देखने को मिलीं।

 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि एचपीसीए स्टेडियम विश्व के सबसे खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियमों में गिना जाता है और आज धर्मशाला देश-विदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए प्रमुख स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बन चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले महीने में प्रस्तावित भारत-अफगानिस्तान एकदिवसीय मुकाबला भी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को और मजबूती देगा तथा पर्यटन और व्यापार गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा।

 

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!