8 साल से फरार चल रहा उद्घोषित अपराधी हमीरपुर से गिरफ्तार
हमीरपुर: जिला पुलिस हमीरपुर की पीओ सेल ने उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भीम राज पुत्र ज्योति प्रकाश निवासी गांव झनियारी, तहसील एवं जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय नादौन ने थाना नादौन में दर्ज एनआई एक्ट की धारा 138 के मामले में 16 अप्रैल 2018 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।
पुलिस टीम ने आरोपी को 27 मई 2026 को हमीरपुर क्षेत्र से दबोचा। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था और अलग-अलग स्थानों पर रहकर अपनी पहचान छिपा रहा था।
जिला पुलिस की पीओ सेल आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी को बुधवार को न्यायालय नादौन में पेश किया जाएगा।
जिला पुलिस हमीरपुर ने कहा कि उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
