पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने आज पंचायती राज चुनावों के तहत अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाई। इस अवसर पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी शीला धूमल, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मतदान केंद्र पर उपस्थित रहे।
मतदान के उपरांत प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव ग्रामीण विकास और स्थानीय स्वशासन की आधारशिला होते हैं तथा इन चुनावों में चुने गए प्रतिनिधि सीधे तौर पर गाँव के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रो. धूमल ने कहा कि पंचायत स्तर पर मजबूत और ईमानदार नेतृत्व गाँवों की प्रगति को नई दिशा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक मत लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
