हमीरपुर। जिला हमीरपुर की ताल पंचायत में पंचायती राज चुनावों के दौरान शुक्रवार को राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म नजर आया। मतदान के बीच भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने पहुंचे विधायक आशीष शर्मा के पहुंचते ही समर्थकों और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला।
विधायक आशीष शर्मा भारतीय जनता पार्टी समर्थित जिला परिषद उम्मीदवार सुरेश कुमार सोनी के समर्थन में मतदान केंद्र पहुंचे, जहां समर्थकों की भीड़ और राजनीतिक चर्चाओं ने माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया। इस दौरान पूर्व प्रत्याशी एवं जनसेवक के रूप में पहचान रखने वाले सुशील ठाकुर भी मौके पर मौजूद रहे। वहीं चमनैड़े बाड़ समाज से जुड़े समाजसेवी प्रकाश चंद की मौजूदगी ने भी स्थानीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी।
दोनों समाजसेवियों की एक साथ मौजूदगी को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चाएं होती रहीं। मतदान केंद्र के बाहर समर्थकों की आवाजाही और नेताओं के प्रति लोगों का उत्साह लगातार देखने को मिला।
मीडिया से बातचीत में विधायक आशीष शर्मा ने दावा किया कि तीनों क्षेत्रों से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार “तीनों सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे और तीनों सीटें भाजपा की झोली में जाएंगी।”
ताल पंचायत में दिनभर ग्रामीणों और समर्थकों के बीच चुनाव को लेकर खासा उत्साह बना रहा। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली, जिससे पंचायत चुनावों को लेकर लोगों में लोकतांत्रिक उत्साह साफ नजर आया।
