नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड सदस्यों को दी शुभकामनाएं, तीसरे चरण के मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व प्रधान रही वरिष्ठ भाजपा नेत्री उषा बिरला ने पंचायती राज चुनावों के पहले दो चरण सफलतापूर्वक संपन्न होने पर प्रदेश की जनता एवं मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधानों, उपप्रधानों एवं वार्ड सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेकर गांवों के विकास के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया है।

 

उषा बिरला ने कहा कि जिस प्रकार ग्राम पंचायत चुनावों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, वह समाज के लिए अत्यंत सकारात्मक संकेत है। आज महिलाएं प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड सदस्य के रूप में आगे आकर नेतृत्व कर रही हैं और गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान दे रही हैं।

 

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की ऐतिहासिक पहल की थी। धूमल की दूरदर्शी सोच और महिला सशक्तिकरण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि आज बड़ी संख्या में महिलाएं पंचायतों में नेतृत्व कर गांवों के विकास को नई दिशा दे रही हैं। यह निर्णय ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और आत्मविश्वास बढ़ाने में मील का पत्थर साबित हुआ है।

 

उन्होंने मतदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि पहले दो चरणों में लोगों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया, जिससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत हुआ है। उषा बिरला ने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि आगामी तीसरे चरण के चुनाव में भी सभी लोग उत्साह के साथ मतदान करें तथा योग्य, ईमानदार और विकासशील सोच रखने वाले जनप्रतिनिधियों का चुनाव करें, ताकि गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

 

उषा बिरला ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लगातार पांच बार सांसद रहे अनुराग सिंह ठाकुर तथा अरुण धूमल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने अपने परिवार सहित मतदान कर लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!