हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर शहर को चमकाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त होने के लाख दावे करता है, लेकिन शुक्रवार को हुई अचानक बारिश ने इन दावों की ऐसी पोल खोली कि पूरा “सफाई सिस्टम” ही सड़कों पर तैरता नजर आया।
शहर के कई इलाकों में नालियों की सफाई न होने के कारण कचरा, प्लास्टिक और गंदगी सीधे सड़कों पर बहती दिखी। कुछ जगहों पर हालात ऐसे बने कि लोगों को गंदे पानी और कूड़े के बीच से गुजरना पड़ा। हल्की सी बारिश ने ही नगर निगम की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम सिर्फ बैठकों, दावों और फोटो सेशन तक सीमित होकर रह गया है, जबकि जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि “अगर पहली बारिश में ही यह हाल है, तो बरसात के पूरे सीजन में शहर का क्या होगा?”
नालियों में महीनों से जमा गंदगी की वजह से पानी की निकासी रुक गई और कचरा सड़कों पर फैल गया। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि आखिर सफाई के नाम पर खर्च होने वाला बजट जा कहां रहा है?
बारिश थमी जरूर, लेकिन नगर निगम के दावों की गंदगी शहर की सड़कों पर साफ दिखाई देती रही।
