हमीरपुर। जिला हमीरपुर के उपमंडल भोरंज विधानसभा क्षेत्र में भी भारतीय जनता पार्टी का दबदबा कायम रहा। जिला परिषद वार्ड नंबर-11 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी अनीता कुमारी ने जीत दर्ज कर पार्टी को एक और महत्वपूर्ण सफलता दिलाई है।
विशेष बात यह रही कि अनीता कुमारी को चुनाव प्रचार के लिए अपेक्षाकृत कम समय मिला था, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र की जनता ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें विजय दिलाई। चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए अनीता कुमारी ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि लोगों ने उन पर विश्वास जताकर उन्हें इस योग्य समझा है कि वह जिला परिषद सदस्य के रूप में वार्ड की समस्याओं को उठाएं और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करें।
अनीता कुमारी ने सभी मतदाताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी तथा क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देंगी।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों की तरह भोरंज विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के बेहतर प्रदर्शन ने पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंचायत राज चुनावों में मिले इन परिणामों से भाजपा को संगठनात्मक मजबूती मिली है।
