आम के 25,625 पौधों से संवरेगी 41 हेक्टेयर भूमि, जागर बना हिमाचल का पहला मैंगो क्लस्टर एचपी शिवा परियोजना के तहत भूमि विकास कार्य शुरू

आम के 25,625 पौधों से संवरेगी 41 हेक्टेयर भूमि, जागर बना हिमाचल का पहला मैंगो क्लस्टर एचपी शिवा परियोजना के तहत भूमि विकास कार्य शुरू

 प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागवानी, सिंचाई और मूल्यवर्धन (एचपी शिवा) परियोजना के अंतर्गत जिला मंडी के जागर क्षेत्र में प्रदेश के पहले आम (मैंगो) क्लस्टर की स्थापना का कार्य शुरू हो गया है। लगभग 41 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस क्लस्टर में आगामी वर्षा ऋतु के दौरान उच्च गुणवत्ता वाली आम की उन्नत किस्मों के कुल 25,625 पौधे रोपे जाएंगे।
भूमि विकास कार्य के शुभारंभ अवसर पर बागवानी विभाग मंडी जोन के संयुक्त निदेशक डॉ. सुबोध शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा कि जागर क्षेत्र के किसानों ने जिस एकजुटता और सामूहिक सहभागिता का परिचय दिया है, वह अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरक है। आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक बागवानी पद्धतियों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलती है तथा किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना भविष्य में क्षेत्र के किसानों के लिए समृद्धि का नया द्वार खोलेगी।
उप निदेशक बागवानी डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि एचपी शिवा परियोजना का मुख्य उद्देश्य कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बागवानी को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करना है। जागर क्लस्टर के अंतर्गत विकसित होने वाले बागों में हाई-डेंसिटी प्लांटेशन तकनीक अपनाई जाएगी, जिससे कम क्षेत्र में अधिक पौधे लगाकर बेहतर गुणवत्ता और अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि एचपी शिवा परियोजना के तहत स्थापित होने वाला यह हिमाचल का पहला मैंगो क्लस्टर है, जो प्रदेश में फल उत्पादन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील पत्थर साबित होगा। इस परियोजना से न केवल किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्य सौरभ गुलेरिया, पंचायत प्रधान फुला देवी, उपप्रधान जगदीश वर्मा, वार्ड सदस्य राधा रमन, गंगा राम, चंचला देवी तथा रीना, बागवानी विकास अधिकारी डॉ. शिक्षा सोनी, एचपी शिवा परियोजना की ब्लॉक टीम के सदस्य तथा बागवान मौजूद रहे।
powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!